खरीदी केन्द्रों पर ही कराई जाए किसानों के गेंहू व सरसों की खरीदी : गजराज सिंह

- वेयर हाउसों पर खरीदी किए जाने से किसान हो रहे परेशान 


awdhesh dandotia
मुरैना। किसानों के गेहूं व सरसों की खरीद पहले से निर्धारित खरीद केन्द्रों पर ही कराई जाए जिससे किसानों को असुविधा न हो। यह मांग पूर्व विधायक गजराज सिंह सिकरवार ने कलेक्टर से की गई । पूर्व विधायक गजराज सिंह का कहना है कि गेंहू व सरसों की खरीदी मुरैना, कैलारस सहित अनेक स्थानों पर खरीद केन्द्रों पर न होकर शहर में स्थापित निजी वेयर हाउसों पर कराई जा रही है जिससे किसानों को असुविधा हो रही है। उन्होंने बताया कि कई किसान ऐसे हैं जिनके पास स्वयं के वाहन ट्रैक्टर नहीं है उन्हें वाहन ढूंढने में काफी समय लगता है साथ ही किसानों को मुंह मांगा किराया देना पड़ता है। कैलारस तहसील के ग्राम मामचोन, तिलोंजरी, पचोखरा, सुजानगढ़ी, सुजर्मा आदि खरीदी केन्द्रों की खरीद कैलारस नगर मंडी में हो रही है जो कि केन्द्रों से तकरीबन 30-35किलोमीटर दूर हैं किसानों को परिवहन में अधिक खर्च होने से दूरस्थ स्थल पर कम संख्या में आ रहे हैं। गजराज सिंह का कहना है कि एक ओर शासन किसानों के खेतों से खरीदी पर नीति बना रहा है वहीं कुछ अधिकारी भ्रमित कर किसानों को समस्या, व्यवधान पैदा कर रहे हैं एवं शासन की नीति के विपरीत खरीदी करा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि उक्त समस्या के समाधान हेतु खरीदी केन्द्रों पर ही किसानों की सरसों व गेंहू की खरीदी सुनिश्चित कराई जाए।