कांग्रेस के पूर्व विधायकों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता


 नई दिल्ली। हाल ही में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायकों ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा ने दिल्ली में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, श्री धर्मेन्द्र प्रधान, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री अनिल जैन, श्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री जफर इस्लाम, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया आदि उपस्थित थे।


               


पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व विधायकों में श्रीमती इमरती देवी डबरा, श्रीमती रक्षा सिरोनिया भांडेर, श्री ओपीएस भदौरिया मेहगांव, श्री रणवीर जाटव गोहद, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर, श्री मुन्ना लाल गोयल ग्वालियर पूर्व, श्री रघुराज सिंह कंसाना मुरैना, श्री गिरिराज दंडोतिया दिमनी, श्री जसमंत जाटव करैरा, श्री ऐंदल सिंह कंसाना सुमावली, श्री ब्रजेन्द्र सिंह यादव मुंगावली, श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया बमौरी, श्री कमलेश जाटव अम्बाह, श्री राजवर्धन सिंह बदनावर, श्री गोविंद सिंह राजपूत सुरखी, श्री मनोज चौधरी हाटपिपल्या, श्री बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर, श्री प्रभुराम चौधरी सांची, श्री जजपाल सिंह जज्जी अशोक नगर, श्री तुलसी राम सिलावट सांवेर, श्री हरदीप सिंह डंग सुवासरा शामिल हैं। पोहरी के पूर्व विधायक श्री सुरेश धाकड़ बेटी के निधन के कारण पार्टी की सदस्यता ग्रहण नहीं कर पाए, उन्हें बाद में सदस्यता दिलायी जायेगी।
             


पूर्व विधायकों के सदस्यता कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने उपस्थित पार्टी नेताओं से सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व विधायकों का परिचय कराया और सभी पूर्व विधायकों का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा ने सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी पूर्व विधायकों को भारतीय जनता पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।