होली पर्व पर जमकर उड़ा रंग-गुलाल मंदिरों में हुए विशेष आयोजन


amjad khan
शाजापुर। होलिका दहन के साथ ही पांच दिवसीय रंगों के त्योहार की शुरूआत हो गई और इस त्योहार के पहले और दूसरे दिन जमकर रंग और गुलाल बरसा, जिससे पूरा शहर सतरंगी रंग में डूबा हुआ नजर आया। गली-मोहल्लों, चौक,  चौराहों पर बच्चों और युवाओं की टोली हाथों में रंग लिए घूमते नजर आई। वहीं होली के डांडे को जलाए जाने के साथ ही नागरिकों ने होली तापने और होला गेहूं सेकने की चली आ रही प्राचीन परंपरा का निर्वहन भी किया। महिलाओं ने जलती होली की परिक्रमा कर होलिका के चारों ओर जल का घेरा बना कर होलिका को नमन कर मंगलकामनाएं की। होलिका दहन की औपचारिक शुरुआत के साथ ही नागरिकों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और फिर शुरू हुआ रंगों का दौर जो दोपहर बाद तक चलता रहा।


महिलाओं ने भी उड़ाया गुलाल
 होली पर जहां बच्चे और युवा रंगों से एक-दूजे को रंगते दिखाई दिए तो वहीं महिलाएं भी इस दिन पीछे नही रहीं और उन्होने भी जमकर होली खेली। होली पर रंग गुलाल लगाने का सिलसिला दोपहर तब चलता रहा। इसीके साथ होली पर्व के दौरान नगर के श्रीकृष्ण मंदिरों में भी रंगों की बारिश हुई। मंदिर में प्रभुश्री का आकर्षक श्रंगार कर महाआरती की गई। वहीं चतुर्भूज मंदिर में बुधवार को फाग महोत्सव मनाया गया। इस दौरान भगवान चतुर्भूज का आकर्षक श्रंृगार कर महिलाओं ने अबीर-गुलाल और फूलों से होली खेली। इस दौरान भजन-कीर्तन भी किए गए।


हरसिद्धि स्वरूप में सजे महादेव
 होली पर्व पर शहर के ओंकारेश्वर मंदिर में महादेव का आकर्षक श्रंगार कर झांकी सजाई गई। मंदिर पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि होली महोत्सव के चलते ओंकारेश्वर महादेव का हरसिद्धि स्वरूप में श्रंगार किया गया। इसीके साथ गोपियों संग श्रीकृष्ण द्वारा होली किए जाने की मनोहारी झांकी भी सजाई गई। दिनभर मंदिर में पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।