ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री और विधायक लापता!

भोपाल। मध्यप्रदेश की सियासत में फिर से खलबल मच गई है। अब लगता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के लोग भी आर-पार के मूड में आ गए हैं। अचानक से ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री और विधायकों के फोन बंद आने लगे हैं। साथ ही श्रम मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के बारे में कहा जा रहा है कि वह लापता हो गए हैं। सीएम कमलनाथ दिल्ली दौरा को छोड़कर भोपाल लौट रहे हैं।
दरअसल, कमलनाथ की कैबिनेट में श्रम मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे से आते हैं।  वह गुना से भोपाल के लिए निकले थे लेकिन भोपाल नहीं पहुंचे। इस बीच उनके समर्थकों का संपर्क भी उनसे टूट गया है। साथ ही भोपाल स्थित उनके ऑफिस को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं हैं कि सिसोदिया कहां गया है।


कई विधायकों से संपर्क टूटा
इसके साथ ही सिंधिया खेमे के दस से ज्यादा विधायकों से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। उनके मोबाइल नंबर बंद मिल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस खेमे में खलबली मच गई है। सुबह से ही ये खबरें आ रही थीं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट के लोग दिल्ली में जमा हो रहे हैं। उनकी वहां बैठक हो रही है। लेकिन मीडिया के सामने कोई नहीं आया था। सिंधिया के लोग यह मांग कर रहे हैं कि उन्हें राज्यसभा भेजा जाए और प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए।
कमलनाथ भोपाल
मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ दिल्ली में आज सोनिया गांधी से मुलाकात की। सीएम बारह मार्च तक दिल्ली में रुकने वाले थे। अचानक से बढ़ी सियासी हलचल के बाद दिल्ली के सारे कार्यक्रमों को रद्द कर सीएम कमलनाथ भोपाल लौट रहे हैं। ऐसे में चर्चा जोरों पर है कि मध्यप्रदेश में एक बार फिर से सरकार पर संकट बढ़ गया है। सिंधिया खेमे के मंत्री इस दौरान हमलावर रहे हैं।
मंत्रियों से भी संपर्क नहीं
वहीं, इस पूरे प्रकरण पर सिंधिया गुट मंत्री भई मौन रहे हैं। खुलकर इस विवाद पर इनलोगों ने कोई बात नहीं की। अब कहा जा रहा है कि सभी फोन बंद हैं। सिंधिया गुट के मंत्रियों में स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, बाल विकास मंत्री इमरती देवी, लाखन सिंह घनघोरिया और श्रम मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया शामिल है।