कमलनाथ के इस्तीफे के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न


amjad khan
शाजापुर। मध्यप्रदेश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शुक्रवार को जैसे ही मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा गया वैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे सत्य की जीत बताते हुए जश्र मनाना शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय पर एकत्रित हुए और यहां से नारेबाजी करते हुए बस-स्टैंड स्थित चौराहे पर पहुंचे और आतिशबाजी कर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। इस दौरान पूर्व विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, किंतु पराजित नही। कांग्रेस ने येन केन प्रकारेण अपनी सत्ता बचाने का असफल प्रयास किया और आज नैतिकता के नाम पर इस्तीफा देना बता रहे हैं। यदि वास्तव में मुख्यमंत्री कमलनाथ में नैतिकता होती तो अपने 22 विधायकों के इस्तीफे के तुरंत बाद ही अपना इस्तीफा भी राज्यपाल को दे देते, लेकिन जैसे तैसे अपनी सत्ता को बचाए रखने के प्रयास में और झूठी-सच्ची नियुक्तियां करने के चक्कर में नैतिकता को ताक पर रखकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इतने दिन तक इस्तीफा नहीं दिया। जब सुप्रीम कोर्ट का आदेश हुआ तब जाकर इस्तीफा दिया गया है। भाजपा नगर अध्यक्ष शीतल भावसार ने कहा कि आज न्याय का दिन है और यही कारण है कि जहां एक ओर देश की बेटी निर्भया को सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिल गया है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश की जनता को भी न्याय मिल गया है और अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना सुनिश्चित है। अब मध्यप्रदेश में फिर से स्वराज लौटा है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता खुश हैं। इस अवसर पर दिनेश शर्मा, किशोर सोलिया, प्रदीप चंद्रवंशी, किरणसिंह ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी उमेश टेलर, आशीष नागर, विक्रम मालवीय, मुकेश श्रीवास्तव, विकास जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।