बीएस 4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए दो दिन खुलेगा आरटीओ

कबाड़ होने से बचेंगे 5000 से अधिक वाहन 


भोपाल। जिले में 31 मार्च तक बिके 5000 से अधिक बीएस-4 वाहन अब कबाड़ होने से बच जाएंगे। ऐसे वाहनों के रजिस्ट्रेशन को लेकर आरटीओ कार्यालय भोपाल कलेक्टर की विशेष मंजूरी के बाद 2 दिनों के लिए खोला गया है। बुधवार और गुरुवार यानी 2 दिन आरटीओ में सिर्फ बीएस-4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए खोला गया है। इसके अलावा आरटीओ में कोई काम नहीं होगा।
आरटीओ संजय तिवारी ने बताया कि बुधवार को सुबह 9 बजे पहले पूरे आरटीओ आॅफिस को सेनेटाइज किया गया। इसके बाद 10 बजे से लेखाधिकारी गुणवंत सेवेतकर, वीके सक्सेना, अजीत राय, संजय वर्मा, दिलीप मेहरा, सीबी राय सहित अन्य कर्मचारी जिनकी ड्यूटी लगाई गई है, उनके द्वारा काम शुरू किया गया। यह काम सोशल डिस्टेंसिंग के साथ किया जा रहा है। आज सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक दो पहिया वाहन मोटरसाइकिल के दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं। इसके बाद दोपहर 1 बजे से लेकर 3 बजे तक मोटरसाइकिल को छोड़कर भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों के दस्तावेज जमा किए जाएंगे।
इसी तरह दोपहर 3 बजे से लेकर 5 बजे तक स्कूटर श्रेणी के वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए दस्तावेज जमा किए जाएंगे। सभी दस्तावेज लेकर आने वाले लोगों को छह-छह फीट दूर खड़े होने के निर्देश दिए गए हैं। यही प्रक्रिया कल यानी 30 अप्रैल को भी जारी रहेगी। इसके बाद आगामी आदेशों तक आरटीओ आॅफिस से बंद कर दिया जाएगा।