जागरूकता की कमी से बढ़ रही मरीजों की संख्या 


kamlesh pandey
चंदला। कोरोना के मरीजों की लगातार संख्या बढ़ती जा रही है जिसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता की कमी कही जा सकती है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाइश दी जा रही है लेकिन अभी कई तबके ऐसे हैं जिन्हें कोरोना से बचाव के उपायों की जानकारी नहीं है। रविवार को ऐसे ही एक तबके के बीच चंदला की श्रमजीवी पत्रकार संघ इकाई ने मास्क वितरित कर उन्हें कोरोना से बचाव के उपाय बताए। उन्हें बताया गया कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, हाथ धोते रहें आदि। इकाई के तहसील अध्यक्ष विनय निगम के मार्गदर्शन और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वरिष्ठ पत्रकार हमीद खान के दिशा निर्देशन में उपाध्यक्ष सत्तार खान, सचिव राकेश निगम, सह सचिव संजीव सिंह, सदस्य नवीन सोनी व महेंद्र सिंह आदि इस अवसर पर मौजूद रहे।