पर्यटन पर केंद्रित क्विज प्रतियोगिता आयोजित

जिले भर के 75 स्कूलों के 225 बच्चों ने लिया हिस्सा, छै: टीमें चयनित


asish malviya
अशोकनगर। मप्र शासन के पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश में पर्यटन को बढावा देने तथा पर्यटन के प्रति जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ.मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में बुधवार को जिले में पर्यटन पर केन्द्रित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय शासकीय नेहरू महाविद्यालय अशोक नगर के सभागार में किया गया। यह प्रतियोगिता जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला पर्यटन संवर्धन परिषद, मध्यप्रदेश टूरिज्म  बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में जिले भर के 75 स्कूलों के 225 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ डिप्टी  कलेक्टर एवं प्रभारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समन्वयक जिला शिक्षा अधिकारी अदित्य नारायण मिश्रा, बीके बामोरिया की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म की ओर से प्रबंधक ताना-बाना चंदेरी के सुमित खापर्डे, स्कूली बच्चेर एवं शिक्षक उपस्थित थे। 
          डिप्टी  कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा ज्ञान कौशल के माध्यम से पर्यटन को बढावा देने के लिए प्रत्येक जिले में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों में विलक्षण प्रतिभा होती है, जिसका वे बेहतर प्रदर्शन कर पूरी निष्ठा के साथ देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन कर सकते है। बच्चें निरंतर प्रगति कर उज्जवल भविष्य को संवारने के लिए आगे बढें। निश्चित रूप से आगे चलकर लोगों में पर्यटन के प्रति जन जाग्रति आयेगी। साथ ही बच्चें अधिक उत्साह के साथ इस प्रकार की प्रतियोगिता में बढ-चढकर हिस्सा लेगें। 
      जिला शिक्षा अधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि इस प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों बडी रोचकता के साथ आगे बढे। विद्यालय में बाल सभा के आयोजन पर किसी एक विषय पर रूचि लें। स्कूली बच्चों ने आत्म विश्वास के साथ हिस्सा लिया है। उन्होंने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ प्रतियोगिता में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सराहनीय पहल की है। 
दो चरणों में हुई प्रतियोगिता:-
          क्विज प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक पर्यटन से संबंधित लिखित परीक्षा हुई। जिसमें 100 प्रश्न पूछे गए। जिसमें पर्यटन, पर्यटन से संबंधित परिक्षेत्र कला, संवर्धन, अध्यात्म, प्राकृतिक, सांस्कृतिक परिवेश आदि पर केन्द्रित रहे। द्वितीय चरण में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मल्टी मीडिया क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में 6 टीमें हुई चयनित:-
         पर्यटन पर केन्द्रित प्रतियोगिता के माध्यम से चयन समिति द्वारा 6 टीमों का चयन किया गया। जिसमें 3 विजेता शासकीय केन्द्रीय विद्यालय मुंगावली, स्वामी विवेकानंद उमा विद्यालय अशोकनगर एवं जवाहर नवोदय विद्यालय खिरिया देवत टीम रही तथा 3 उपविजेता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोकनगर एवं शामॉ विद्यालय चंदेरी  की टीम रही। विजेता टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रदेश के चयनित किसी एक पर्यटन स्थल पर 3 दिन एवं 2 रात रूकने के लिए तथा उपविजेता टीमों को 2 दिन एवं 1 रात रूकने के लिए अतिथियों द्वारा कूपन, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदत्त किये गए। साथ ही क्विज प्रतियोगिता में अन्य बच्चों से प्रश्न पूछे गए, सही उत्तर देने वाले बच्चों को भी पुरूष्कृत किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किये गए। 
क्विज प्रतियोगिता में मूल्यांकन टीम के तरूण रस्तोगी, राजेश्व्री परिहार, सीमा चावला, अनुप्रिया श्रीवास्तव, सुभाष मोर्य, छोटेलाल अहिरवार, अमित गुप्ता, कन्हैयाराम तथा महेश श्रीवास्तव का सहयोग रहा।