22 में 6 कांग्रेस विधायकों का इस्तीफा मंजूर

विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने अयोग्य आचरण का आरोप लगाकर की कार्रवाई
भोपाल, प्रदेश में सत्ता के लिए जारी संग्राम के बीच शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा भेजने वाले कांग्रेस के 22 विधायकों में से 6 का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। यानी अब विधानसभा में यह 6 विधायक नहीं बैठ पाएंगे। अध्यक्ष प्रजपाति ने विधानसभा अधिनियम 276 के तहत 6 विधायकों का इस्तीफा मंजूर किया है। जिन कांग्रेस विधायकों का इस्तीफा मंजूर किया गया है उनमें तुलसीराम सिलावट, इमरती देवी, प्रद्युमन सिंह तोमर, महेंद्र सिंह सिसोदिया, डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं गोविंद सिंह राजपूत का नाम है। इनको एक दिन पहले मुख्यमंत्री की अनुंशसा पर राज्यपाल ने मंत्री पद से बर्खास्त किया था। अब उनकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त हो गई है। 


6 विधायकों का आचरण अयोग्य
विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा है कि 6 विधायकों का आचरण अयोग्य पाया गया है। उन्होंने कहा कि दो बार बुलाने पर भी वह उपस्थित नहीं हुए, इसलिए उनका अचारण सही नहीं था, उनका इस्तीफा मंजूर किया गया है। बाकी जिन विधायकों ने इस्तीफा भेजा है उनको लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि मैं जो निमय में है उससे बाहर नहीं जाऊंगा। नियम के तहत ही विधानसभा की कार्यवाही भी संचालित होगी। 6 विधायकों का 10 मार्च से इस्तीफा मंजूर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा मंजूर करना और न करना विधानसभा अध्यक्ष का विशेषाधिकार है इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।