आबकारी समूहों की टेंडर प्रक्रिया जारी

इन्दौर, इंदौर जिले के सहायक आयुक्त आबकारी श्री राज नारायण सोनी द्वारा बताया गया कि वर्ष 2019- 20 में 922 करोड़ 91 लाख 62 हजार 920 रूपये  का आबकारी राजस्व निर्धारित है। जिसकी वसूली पूर्ण होने वाली है। राज्य शासन की नीति के अनुसार वर्ष 2019-20 के राजस्व में 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाकर वर्ष 2020-21 हेतु इंदौर जिले की मदिरा दुकानों के दो समूह (अ) एवं (ब)  बनाए गए हैं। जिसमें अ समूह का आरक्षित मूल्य 638 करोड़ 81 लाख 20 हजार 60 रूपये और ब समूह का आरक्षित मूल्य 516 करोड़ 83 लाख 33 हजार 950 रूपये नियत किया गया है।


       उक्त दोनों की समूहों पर गत 5 मार्च 2020 से क्लोज बिड आमंत्रण की कार्रवाई आरंभ होकर 12 मार्च 2020 को दोपहर एक बजे तक की गई है।  आज 12 मार्च 2020 को दोपहर 2 बजे से प्रस्तुत बिड को खोलने की कार्रवाई जिला समिति के समक्ष की गई।


      जिला समिति में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नेहा मीना एवं उपायुक्त आबकारी श्री विनोद रघुवंशी उपस्थित थे। समूह अ एवं ब समूह क्रमशः इंदौर लिकर गैलरी एवं  अल्को  एक्टीव  रिटेल प्राइवेट लिमिटेड की बिड प्राप्त हुई। समूह अ पर उच्चतम बिड 638 करोड़ 81 लाख 20 हजार 214 रूपये  एवं समूह ब पर उच्चतम बिड 516 करोड़ 83 लाख 33 हजार 590 रूपये प्राप्त हुई।  उक्त दोनों ही बिड आरक्षित मूल्य से अधिक की प्राप्त हुई।  13 मार्च को प्रातः 10 बजे से उक्त दोनों की समूह की ई -टेंडर की प्रक्रिया आरंभ होगी। जिसमें क्लोज बिड में भाग लेने वाले भाग ले सकेंगें। ई-टेंडर में कम से कम 50 लाख रूपये की बोली दी जा सकेगी। ई-टेंडर हेतु समूह अ का बैस प्राईस 638 करोड़ 82 लाख रूपये एवं समूह ब का बैस प्राईस 516 करोड़ 84 लाख रूपये है।