ज्योतिरादित्य को विभीषण कहे जाने से सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

शिवराज के  स्वागत भाषण से सिंधिया समर्थक कांग्रेसी आहत। 
awdhesh dandotia
मुरैना। भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने के पहले ही दिन ज्योतिरादित्य सिंधिया को विभीषण कहे जाने से एक नई बहस छिड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भोपाल में स्वागत भाषण के दौरान ज्योतिरादित्य को विभीषण कह दिया था। सोशल मीडिया पर शिवराज के इस बयान को लेकर कांग्रेसी जहां सिंधिया का अपमान बता रहे हैं तो भाजपाई इसे सही ठहराते हुए सफाई दे रहे हैं कि विभीषण ने धर्म का साथ दिया था इसलिए ज्योतिरादित्य को विभीषण कहने में कोई बुराई नहीं है। कांग्रेस में ही रह गए सिंधिया समर्थक ज्योतिरादित्य को विभीषण कहे जाने से आहत है और वे इसको उनके सम्मान के विपरीत बता रहे हैं। उनका साफ कहना है कि भाजपा की विचारधारा सिंधिया को रास नहीं आएगी और भाजपा भी सिंधिया को पचा नहीं पाएगी। इसी बात को लेकर सिंधिया समर्थक कांग्रेसी अब सिंधिया से भी दूरी बनाने लगे हैं, क्योंकि भरी सभा में विभीषण कहे जाने के सिंधिया ने इसका कोई जवाब नहीं दिया।
शिवराज सिंह के इस बयान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी तक के पदाधिकारियों ने तल्ख प्रतिक्रिया व्यक्त की है। साथ ही जो कांग्रेसी सिंधिया के साथ भाजपा में जाने का मन बना रहे थे वह भी कांग्रेस में ही लौटते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि जब हमारे सिंधिया को ही सरेआम विभीषण कहा जा रहा है तो भाजपा में हमें क्या सम्मान मिलेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश मावई का कहना है कि शिवराज सिंह का बयान सिंधिया के सम्मान के विपरीत है। ऐसे हालातों में यह स्पष्ट लगता है कि न तो भाजपा सिंधिया को पचा पाएगी और न सिंधिया, भाजपा को। वहीं जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतपाल सिंह कुशवाह ने कहा है कि वैसे तो यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। लेकिन शिवराज सिंह की उक्त टिप्पणी को कतई न्यायोचित नहीं कहा जा सकता।


सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा : 
सिंधिया को विभीषण कहे जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर जमकर बहस चल रही है। हर दूसरी पोस्ट पर शिवराज के ही भाषण का जिक्र है। कुछ लोग शिवराज के भाषण का वीडियो बायरल कर हंस रहे हैं तो कुछ अपनी फेसबुक पर चुटकी ले रहे हैं। सोशल मीडिया के इन पोस्टों पर भाजपाई सफाई देते घूम रहे हैं और वह विभीषण को धर्म व नैतिकता से जोड़कर देख रहे हैं।