परम्परागत उत्साह के साथ तीन राजयोगों में हुआ होलिका दहन, आज खिलेगी होली 

khemraj mourya
शिवपुरी। रंगों का त्यौहार और भाईचारे का प्रतीक होली पारम्परिक रूप से मनाई जा रही है। आज 9 मार्च को रात्रि के समय शुभ मुहुर्त में शहर में अनेक स्थानों में पारम्परिक उत्साह और आनंद के साथ होलिका दहन किया गया। इस बार होलिका दहन पर भद्रादोष बाधक नहीं था। इस दिन पूर्णिमा तिथि रात को करीब 11 बजे तक होने से प्रदोषकाल में होलिका दहन हुआ। वहीं पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र और अन्य ग्रहों की स्थिति से शंख और हंस नाम के तीन राज योग भी बन रहे हैं। जिससे होलिका दहन होने से मान सम्मान पारिवारिक सुख और समृद्धि प्राप्ति होती है। पंडितों का कहना है कि शुभ योग में होलिका दहन होना देश के लिए शुभ और समृद्धिकारक रहेगा। कल 10 मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी। इस दिन बड़े बूढों सहित माता-पिता के पैरों से रंग लगाकर आर्शीवाद लिया जाता है। यह त्यौहार रंग पंचमी तक चलेगा और इस दौरान जमकर रंग गुलाल का इस्तेमाल किया जाता है। 
होली दहन के बाद घर घर गोबर के उपले सजाकर होली जलाई गई। जिसमें गेहूं की बालियां सेकी गई। और गुड़ व बाटी का प्रसाद वितरित किया गया और कल 10 मार्च को धुलेंडी होगी। जिसमें सुबह से ही रंग गुलाल की होली खेलने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। होली दहन के दौरान कई प्रतियोगिताएं भी युवाओं की टोलियों द्वारा आयोजित की गईं। हलवाई खाने की होली शहर में काफी चर्चित रहीं। वहीं बालाजी धाम मंदिर पर इस बार संभाग की सबसे बड़ी होली तैयार की गई। जिसका दहन बालाजी धाम मंदिर से जुड़े भक्तों द्वारा किया गया। होली दहन के कार्यक्रम को देखने के लिए लोग घरों से निकलकर दहन स्थल तक पहुंचते हैं और वहां पूजा अर्चना की जाती है।
राज योग में होलिका दहन का शुभ फल 
होलिका दहन पर बुध और चंद्रमा से शंख योग बन रहा है। इस योग के प्रभाव से देश की प्रतिष्ठा बढेगी। देश की प्रगति और आर्थिक स्थिति में भी सुधार होने की संभावना है। वहीं शनि के प्रभाव से हर्ष नाम का राज योग बन रहा है। इसके प्रभाव से देश की सुरक्षा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। दुश्मनों पर विजय मिलेगी और अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर ताकतवर देशों में भारत की गिनती होगी। वहीं स्वराशि स्थित ब्रहस्पति से बन रहे हंस योग से देश में धार्मिक भेदभाव की स्थिति खत्म होगी। 
बाजारों में जमकर हो रही है रंगों की बिक्री 
धुलेंडी से पूर्व शहरभर में जगह-जगह रंग गुलाल की दुकानें लगाई गई हैं। शहर के माधव चौक चौराहे से लेकर कोर्ट रोड़, सदर बाजार सहित पुरानी शिवपुरी, कमलागंज और झांसी तिराहा पर रंगों की दुकानें सजाई गई है। जहां मोदी मुखौंटा सहित योगी-मोदी की पिचकारी की बिक्री बड़ी  जोरों पर हो रही है। इस बार होली के रंग में मोदी-योगी का रंग देखा जा रहा है। 
कोरोना वायरस को लेकर होली का रंग दिखेगा फीका 
भारत में कोरोना वायरस के फैलने के बाद से ही होली न मनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय के बाद देशभर में होली के दिन आयोजित कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। जिसका असर शिवपुरी में भी देखना को मिल रहा है। धुलेंडी को लेकर होली न खेलने की कई लोग अपील कर चुके हैं और भीड़ भाड़ वाले इलाके से लोगों को बचने की सलाह दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में होली का रंग फीका होता दिखाई दे रहा है। वहीं बाजार में बिक रहे चायनिज कलर को भी लोग नहीं खरीद रहे हैं।