ग्राम बडफ़रा के श्रमिक रनवीर की मृत्यु होने पर प्रदेश सरकार ने दिये 2 लाख रूपये      

मुरैना। देश में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये लॉकडाउन किया गया है। ग्राम पंचायत बरेह, जनपद पंचायत अम्बाह के बडफ़रा गांव के निवासी रनवीर पुत्र रामलाल दिल्ली में कार्य करते थे। देश में लॉकडाउन होते ही रनवीर दिल्ली से अपने गृह निवास के लिये पैदल ही निकल पड़े। रास्ते में 28 मार्च को सीने में दर्द होने से थाना सिकन्दरा जिला आगरा उत्तरपुर में उनकी मृत्यु हो गई।      
श्रमिक रणवीर सखवार की मृत्यु की सूचना जैसे ही जिला प्रशासन को मिली तुरंत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अम्बाह के संज्ञान में लाया गया। श्रमिक रणवीर सखवार मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत पंजीकृत थे। मृतक रणवीर सखवार के परिवार को प्रशासन द्वारा उनके घर जाकर 5 हजार रूपये अन्त्येष्टी सहायता दी गई एवं अनुग्रह सहायता हेतु प्रकरण ऑनलाइन पोर्टल पर स्वीकृत कर श्रम विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क किया गया। 1 अप्रैल को प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश शासन श्रम विभाग के निर्देश पर सचिव मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार मण्डल द्वारा मृतक श्रमिक की पत्नि के बैंक खाते में 2 लाख रूपये ट्रांसफर किये गये।