लॉक डाउन के दौर में जैन सोशल ग्रुप के सदस्यों को प्रतिभा निखारने का मिल रहा मौका 

सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिदिन हो रहा विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों का संचालन
amjad khan
शाजापुर। कोरोना संक्रमण के दुष्प्रभाव से बचने के लिए देशभर में लागू किए गए लॉक डाउन से जहां आम दिनचर्या पूरी तरह थम गई है और लोग घरों में बैठने को मजबूर हो चुके हैं। वहीं घरों में बंद अपने सदस्यों का मनोरंजन करने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का काम नगर के जैन सोशल ग्रुप यूनिक द्वारा बखूबी अंजाम दिया जा रहा है। लॉक डाउन के दौर में शाजापुर के जैन सोशल ग्रुप यूनिक द्वारा प्रतिदिन कई प्रकार की सामाजिक, धार्मिक, रचनात्मक, ज्ञानवर्धक, खेल एवं रोचक गतिविधियों तथा प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन सोशल मीडिया के माध्यम से करवाकर अपने सदस्यों का मनोरंजन करने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का काम उत्साह के साथ किया जा रहा है। वाट्सअप पर बने ग्रुप में शामिल जैन सोशल ग्रुप के युवा सदस्यों द्वारा प्रतिदिन इन गतिविधियों का हिस्सा बनकर मनोरंजन के साथ समय का सदुपयोग भी किया जा रहा है। लॉक डाउन में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सदस्यों के आपस में सामाजिक जुड़ाव की यह पहल काफी कारगर साबित हो रही है। साथ ही दिनभर घरों में बंद रहने से उत्पन्न तनाव को दूर करने में भी बहुत हद तक मदद मिल रही है। ग्रुप के अध्यक्ष प्रतीक जैन ने बताया कि सोशल ग्रुप द्वारा मनोरंजन के लिए प्रतिदिन तंबोला, ज्ञानवर्धक पहेलियां, लॉक डाउन पर लेखन प्रतियोगिता, फनी वीडियो, धार्मिक रूप में घर बैठे प्रभु भक्ति, धर्म क्रियाएं, स्तवन, भजन, गायन प्रतियोगिताएं महिलाओं के लिए केक प्रतियोगिता, बच्चों के लिए पेंटिंग, गीत पहेलियां आदि कई प्रकार की गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है जिसमें भाग लेने वाले सदस्यों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय रूप में विजेता घोषित कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी हो रहा है। जैन ने बताया कि लगभग 40 युवा दंपत्ति वाले सोशल ग्रुप द्वारा वर्षभर कई प्रकार की गतिविधियों का संचालन किया जाता है जिसमें सभी सदस्य जोश और उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभाते हैं। लॉक डाउन में लोगों का एक-दूसरे से मिलना बंद हो गया है और वे घरों में बोरियत महसूस करने लगे हैं। इसी को देखते हुए सोशल ग्रुप यूनिक ने लॉक डाउन की शुरुआत के साथ ही अपनी गतिविधियां शुरू कर दी थी जिसको सफल बनाने में सभी सदस्यों ने भरपूर सहयोग किया और उनकी प्रतिभाओं ने अन्य सदस्यों को प्रेरित भी किया। जैन ने बताया कि 3 मई लॉक डाउन चलने तक ये सिलसिला जारी रहेगा।