ऋषि कपूर का निधन: रजनीकांत बोले, टूट गया मेरा दिल

आमिर ने कहा- हमने एक महानायक खो दिया, सलमान बोले- कहा-सुना माफ करना


कपूर खानदान के खास किस्सों का गवाह रीवा 


ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई में हुआ था। लोग उन्हें प्यार से चिंटू कपूर भी कहते थे


भोपाल। अपनी वसेर्टाइल एक्टिंग से स्टारडम पाने वाले बॉलीवुड के महान कलाकार ऋषि कपूर अचानक सबको अकेला छोड़कर चले गए। कैंसर से जूझ रहे ऋषि कपूर का सुबह निधन मुंबई में हुआ। शोक भरी इस खबर से पूरा बॉलीवुड दुखी है। बुधवार को इरफान खान तो गुरुवार को ऋषि कपूर, दोनों महान अभिनेताओं का जाना पूरी इंडस्ट्री को मानो रुला गया। ऋषि कपूर के जाने से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हर घर में दुख का महौल है। कहने को वे ज्यादा बार तो यहां नहीं आए, लेकिन कहलाता तो यह उनका ननिहाल ही था। जहां आज भी कपूर खानदान के कई खास किस्से सहेजकर लोग रखे हुए हैं। ऋषि कपूर के पिता राज कपूर भारतीय फिल्म इतिहास के वो महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपनी फिल्मों के माध्यम से भारत की प्रतिष्ठा को वैश्विक क्षितिज में स्थापित किया था। इनकी फिल्मों के गीत गुनगुनाने वाले रूस, जापान में थे ही, अमेरिका और अफ्रीका इनके फैन्स थे। ऐसे व्यक्तित्व का विंध्य की संस्कारधानी रीवा के साथ गहरा रिश्ता होना पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। राजकपूर रीवा के पाहुना (दामाद) हैं। उनकी बारात यहीं पहुंची थी, परिणय हुआ कृष्णा कपूर के साथ।
मां ने रीवा में की थी पढ़ाई
बात 1946 की है। रीवा राज्य के पुलिस महानिरीक्षक थे करतार नाथ मल्होत्रा। कृष्णा जी उन्हीं की सुपुत्री थीं। वे रीवा में पली-बढ़ी और पढ़ी। राजकपूर के साथ दाम्पत्य सूत्र में जुड़ने के बाद वे बॉलीवुड की सर्वाधिक सम्मानीय महिला बनीं, जिनकी तीसरी पीढ़ी आज भी फिल्म जगत में कपूर खानदान के यश की ध्वजा फहराए हुए हैं।
राजकपूर की स्मृतियों को सहेजने पूर्व मंत्री ने की थी पहल
रीवा की जनता ऋषि कपूर के निधन से दुखी है। ऋषि कपूर के बड़े भाई रणधीर कपूर 2018 में अपने ननिहाल रीवा आए थे और नवनिर्मित कृष्णा राज कपूर आॅडिटोरियम का उद्घाटन किया था। राजकपूर की स्मृतियों को सहेजने की यह अनूंठी पहल पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने की थी। 13 सितंबर 2014 को राजकपूर स्मृति सांस्कृतिक केन्द्र तथा प्रेक्षागृह का भूमि पूजन किया गया था। सांस्कृतिक केंद्र उसी परिसर में बनकर तैयार हुआ जिस परिसर में स्थित पुलिस बंगले में राजकपूर की बारात आई और परिणय हुआ। आॅडिटोरियम का भूमिपूजन राजकपुर के पुत्र रणधीर कपूर ने किया था और आॅडिटोरियम का भव्य लोकापर्ण 2 जून 2018 को रणधीर कपूर ने ही किया।
कपूर खानदान का रीवा से नाता
ऋषि कपूर का ननिहाल रीवा में होने के कारण यहां से उनका गहरा नाता है। दरअसल राज कपूर का रीवा से पहला वास्ता साल 1944-45 में पड़ा जब उनके पिता पृथ्वी राज कपूर अपना थियेटर लेकर यहां पहुंचे। राजकपूर को रीवा की गलियां, सड़कें और आबोहवा इतनी भाई कि वे इसी शहर के दामाद बन गए। कारण सरदार करतार नाथ सिंह और पृथ्वीराज कपूर तथा राजकपूर और प्रेमनाथ की मित्रता। फिल्म अभिनेता प्रेमनाथ कृष्णा जी के अग्रज थे। दिसंबर 1946 में जब कृष्णा-राजकपूर का परिणय संबंध हुआ तब कृष्णाजी 16 तथा राजकपूर 20 वर्ष के थे। राज कपूर का रीवा के साथ इतना गहरा भावनात्मक संबंध रहा कि उन्होंने न सिर्फ अपनी एक पुत्री का नाम रीमा (रीवा का मूल नाम रीमा ही है) रखा। वहीं अपनी फिल्म आह  में रीवा को केन्द्रीय विषय में रखा। तांगे का वह चर्चित और अमर दृश्य जिसमें राजकपूर का पात्र तांगेवाला बने मुकेश (सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक) से कहता हैं मुझे रीवा जाना है...!
ऋषि कपूर प्रतिभा का पावरहाउस थे
पीएम नरेंद्र मोदी: बहुआयामी, प्यारे और जीवंत... ऐसे थे ऋषि कपूर जी। वे प्रतिभा का पावरहाउस थे। मैं उनके साथ हुई बातचीत को हमेशा याद करूंगा, सोशल मीडिया वाली भी। वे फिल्मों और भारत की प्रगति को लेकर भावुक थे। उनके निधन से दुखी हूं।  
सीएम शिवराज सिंह चौहान: ऋषि कपूर ने एक समर्थ अभिनेता के रूप में देश-विदेश में आपनी पहचान बनाई। उन्होंने परिवार की अभिनय, निर्देशन और फिल्म निर्माण की परंपरा को भी समृद्ध बनाया।  
राहुल गांधी: इरफान खान के बाद ऋषि कपूर का जाना डरावना है। भारतीय सिनेमा के लिए ये एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और महान अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। एक अद्भुत अभिनेता, जिनके प्रशंसक अलग-अलग पीढ़ियों के हैं। वे बहुत याद किए जाएंगे।
अमिताभ बच्चन: महानायक ने सुबह करीब 9:30 बजे कपूर के निधन के बारे में ट्विटर पर बताया था। उन्होंने लिखा था, वे चले गए। ऋषि कपूर चले गए। अभी-अभी निधन हुआ। मैं टूट गया हूं।
सलमान खान: श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, आपकी आत्मा को शांति मिले चिंटू सर, कहा-सुना माफ, परिवार और दोस्तों के लिए शक्ति, शांति और प्रकाश की कामना।
आमिर खान: आज हमने एक महानायक को खो दिया। एक अद्भुत अभिनेता, एक शानदार इंसान और 100  फीसदी सिनेमा का बच्चा। हमारे जीवन में आप जितना भी आनंद लेकर आए, उसके लिए आपका धन्यवाद। आप जिस तरह के अभिनेता और मानवे थे उसके लिए आपका धन्यवाद। आप बहुत याद आओगे ऋषि जी।  
 अक्षय कुमार: ऐसा लगता है जैसे कि हम एक बुरे सपने के बीच में हैं। ऋषि कपूर के निधन की निराशाजनक खबर सुनी। ये दिल दहला देने वाली है। वे एक लीजेंड थे, एक महान सह-कलाकार और एक बहुत अच्छे पारिवारिक मित्र। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।